मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कार्रवाई, राजस्व अमले ने 0.33 हेक्टेयर भूमि से हटाया कब्जा
मुरैना। जिले के ग्राम कीरतपुर निवासी पन्नालाल माहौर को करीब 25 साल से अधिक समय बाद अपनी भूमि का वास्तविक कब्जा मिल गया। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आवेदक को उसकी जमीन का कब्जा सौंप दिया।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के तहत आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए की गई।जानकारी के अनुसार, पन्नालाल माहौर की पत्नी सुंती माहौर ने 25 अगस्त 2026 को जनपद कार्यालय सबलगढ़ में आयोजित मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर में भूमि संबंधी शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदक ने कलेक्टर के समक्ष भी अपनी समस्या रखी थी। कलेक्टर ने प्रकरण को टीएल में दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई
प्रकरण में न्यायालयीन कार्रवाई के बाद प्रकरण क्रमांक 0005/अ-70/2026-27 में 16 अक्टूबर 2026 को पारित आदेश के पालन में राजस्व अमले ने कार्रवाई की। ग्राम कीरतपुर में स्थित सर्वे क्रमांक 368 और 403 की कुल 0.33 हेक्टेयर भूमि से अनावेदकगण को बेदखल कर वास्तविक कब्जा पन्नालाल माहौर को सौंप दिया गया।
करीब ढाई दशक से अपनी जमीन का कब्जा पाने के लिए प्रयासरत आवेदक को प्रशासन की इस कार्रवाई से राहत मिली है।