दीपावली पर अवैध रेत, मादक पदार्थों और पटाखों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश; रात्रि गश्त बढ़ाने पर जोर
मुरैना। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने 25 अक्टूबर 2026 को थाना बानमोर का औचक निरीक्षण कर थाने की व्यवस्थाओं, अपराधों की स्थिति और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित अपराधों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के साथ दीपावली पर्व को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद थाना क्षेत्र के संवेदनशील गांवों, वार्षिक अपराध सांख्यिकी, उपलब्ध पुलिस बल और क्षेत्र में होने वाले अपराधों की जानकारी ली। उन्होंने थाने की मूलभूत सुविधाओं एवं आवश्यकताओं की भी समीक्षा की।

थाना परिसर से लेकर मालखाने तक का निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, हवालात, मालखाना, सीसीटीवी कैमरों, सर्विलांस रूम और अभिलेखों के संधारण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हवालात की सुरक्षा, मालखाने में जब्त संपत्ति के उचित रखरखाव तथा पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दीपावली पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
आगामी दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए एसपी ने अवैध गतिविधियों, अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन, मादक पदार्थों और अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण तथा बिक्री के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी और प्रभावी रात्रि गश्त करने के निर्देश दिए। साथ ही संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए सतर्कता बरतने पर जोर दिया।

ई-साक्ष्य ऐप पर डिजिटल साक्ष्य अपलोड करने के निर्देश
वर्ष 2026 के अंतिम दो माह शेष रहने के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक ने लंबित अपराधों की समीक्षा कर उनके शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने गंभीर एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में प्रभावी कार्रवाई करने तथा ई-साक्ष्य (E-Sakshya) ऐप पर आवश्यक प्रकरणों की आईडी बनाने और डिजिटल साक्ष्यों को नियमानुसार अपलोड कर निर्धारित समय-सीमा में संधारित करने को कहा।
एसपी ने विवेचनाओं में अनावश्यक विलंब नहीं करने और लंबित शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

शिकायतों के निराकरण और अनुशासन पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि थाने पर आने वाले आवेदकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उनका विधिसम्मत एवं समयबद्ध निराकरण किया जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनोन्मुखी पुलिसिंग के साथ कार्य करने तथा निर्धारित वर्दी में थाने पर उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निराकरण और आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल रहनी चाहिए।