मुरैना के निरंजन गुर्जर उर्फ रिंकू कंसाना का वर्ल्ड चैंपियनशिप में चयन, 65 किलो वर्ग में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

ग्राम टिकरी के खिलाड़ी निरंजन 1 और 2 नवंबर को करेंगे फाइट, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 63 देशों के 1800 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के ग्राम टिकरी के होनहार खिलाड़ी निरंजन गुर्जर उर्फ रिंकू कंसाना का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर की 47वीं वर्ल्ड आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप एवं 28वीं पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप-2026 के लिए हुआ है। इस प्रतियोगिता में निरंजन पैरा सीटिंग 65 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके चयन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 26 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित की जा रही है। इसमें 63 देशों के करीब 1800 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में दुनिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ी अपनी ताकत और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।इस प्रतियोगिता का आयोजन पीपुल्स आर्म रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (PAFI) की अध्यक्ष प्रीति जिगानी और प्रो पंजा लीग के संस्थापक प्रवीण दवास के नेतृत्व में वर्ल्ड आर्म रेसलिंग फेडरेशन के संरक्षण में किया जा रहा है।

मध्य प्रदेश आर्म रेसलिंग एसोसिएशन से जुड़े निरंजन गुर्जर पैरा सीटिंग 65 किलोग्राम श्रेणी में मुकाबला करेंगे। उनकी फाइट 1 और 2 नवंबर को प्रस्तावित है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे निरंजन से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

ग्राम टिकरी के इस खिलाड़ी का विश्वस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन होना मुरैना जिले के लिए गौरव की बात है। अब खेल प्रेमियों की निगाहें उनके मुकाबलों पर टिकी हैं और सभी को उम्मीद है कि निरंजन अपने प्रदर्शन से देश और जिले का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!