मुरैना। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में 10 सितंबर को राजस्व अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में राजस्व प्रकरणों के निराकरण, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, फार्मर रजिस्ट्री, स्वामित्व विलेख पंजीयन और अन्य राजस्व कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सैनिकों एवं भूतपूर्व सैनिकों से संबंधित राजस्व प्रकरणों को उच्च प्राथमिकता देकर शीघ्र निराकृत किया जाए। ऐसे मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और आवेदकों को समय पर राहत मिलनी चाहिए।

25 अक्टूबर तक सरकारी जमीन से हटेंगे कब्जे
कलेक्टर ने शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपराधिक प्रवृत्ति वाले अतिक्रमकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए और 25 अक्टूबर तक जिले की संपूर्ण शासकीय भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अतिक्रमण चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई के साथ नियमित मॉनिटरिंग भी की जाए।
फार्मर रजिस्ट्री का काम अभियान चलाकर पूरा करने के निर्देशबैठक में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शेष किसानों की रजिस्ट्री अभियान चलाकर पूर्ण करने के निर्देश दिए। स्वामित्व विलेख पंजीयन और अन्य राजस्व कार्यों में भी तेजी लाने को कहा गया।राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा पुराने लंबित मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

गांवों में विशेष ग्राम सभा और शिविर लगाए जाएंगे
कलेक्टर ने स्वामित्व अधिकार अभिलेख के निष्पादन एवं पंजीयन के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने को कहा। इसमें पटवारियों की ट्रेनिंग, आईडी जनरेशन और प्रचार-प्रसार की व्यवस्था शामिल होगी। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा आयोजित करने के साथ एनाउंसमेंट और कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराकर ग्रामीणों को जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
प्रथम चरण में ऐसे खसरों एवं भूमिस्वामियों का चयन किया जाएगा, जिनकी ई-केवाईसी पूरी है और खसरों में कोई विवाद या आपत्ति नहीं है। ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर ई-केवाईसी कराई जाएगी, जबकि तहसील स्तर पर सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, टीएल प्रकरण, स्वामित्व योजना, खसरा-खतौनी, नामांतरण और सीमांकन सहित विभिन्न राजस्व कार्यों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत, संयुक्त कलेक्टर आर.के. सिन्हा, सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार मौजूद रहे।