मुरैना में करवा चौथ पर मातम: नेशनल हाईवे पर भीषण हादसे में 3 मजदूरों की मौत, दो सगे भाई भी शामिल

मुरैना। करवा चौथ के दिन मुरैना में हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर घरौना मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार तीन मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई शामिल हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

मजदूरी कर गांव लौट रहे थे तीनों

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान कल्लू माहौर (31), गोपी माहौर (18) और प्रकाश माहौर (50) के रूप में हुई है। तीनों हिंगोना कला गांव के निवासी थे और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह तीनों मजदूरी करने मुरैना शहर आए थे। दिनभर काम करने के बाद वे बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान घरौना मंदिर के पास ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

दो की मौके पर मौत, तीसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम

टक्कर इतनी भीषण थी कि कल्लू और गोपी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों व मृतकों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान प्रकाश ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में तीनों की जान चली गई।

हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और नेशनल हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।

करवा चौथ पर तीन परिवारों में पसरा मातम

खुशी के त्योहार करवा चौथ के दिन हुए इस हादसे से हिंगोना कला गांव में शोक की लहर है। रोजी-रोटी कमाने के लिए मुरैना आए तीन मजदूर घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। दो सगे भाइयों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!