मुरैना में अनाज व्यापारी के 3.50 लाख रुपये चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 3.27 लाख बरामद

स्टेशन रोड थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पकड़ा, चोरी का बैग और खाते की किताबें भी बरामद

मुरैना। शहर के रामनगर तिराहे के पास अनाज व्यापारी की दुकान से 3.50 लाख रुपये चोरी करने के मामले में स्टेशन रोड थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई रकम में से 3 लाख 27 हजार रुपये, नकदी रखने वाला बैग और खाते की किताबें बरामद की हैं। शेष 23 हजार रुपये आरोपी द्वारा खर्च कर दिए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, फरियादी संतोष पुत्र शिवनाथ बंसल, उम्र 53 वर्ष, निवासी बड़ोखर माता मंदिर के पास मुरैना ने थाना स्टेशन रोड में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी अनाज व्यापार की दुकान रामनगर तिराहे के पास है। 27 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 8:45 बजे उन्होंने 3 लाख 50 हजार रुपये ओके चाय प्रिंटेड बैग में रखकर काउंटर के नीचे रख दिए थे। इसके बाद वह दुकान के बाहर काम कर रहे थे। इसी दौरान कोई अज्ञात चोर बैग चोरी कर ले गया। फरियादी की शिकायत पर थाना स्टेशन रोड में अपराध क्रमांक 317/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की पतारसी, गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी के लिए थाना स्तर पर टीम गठित कर आवश्यक निर्देश दिए।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक कविन्द्र चौहान के मार्गदर्शन में स्टेशन रोड थाना पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्धों से पूछताछ की गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

विवेचना के दौरान 1 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी के मामले में संदेही जहूर उर्फ राजू खान पुत्र ईशाक खान, निवासी इस्लामपुरा जौरा, पुरानी कचहरी के पास जौरा में मौजूद है। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर 3.27 लाख रुपये बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया ओके चाय प्रिंटेड बैग, 3 लाख 27 हजार रुपये नकद और खाते की किताबें बरामद की हैं। आरोपी ने शेष राशि खर्च कर देना बताया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पूर्व से भी विभिन्न थानों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!