मुरैना। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार, 31 अक्टूबर को मुरैना में रन फॉर यूनिटी, यूनिटी मार्च एवं एकता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में 600 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के तहत एकता मार्च रैली केएस चौराहा मुरैना से प्रारंभ हुई, जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम परिसर में संपन्न हुई। रैली में युवाओं, खिलाड़ियों, नगर एवं ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स, छात्र-छात्राओं तथा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ भी ली।

जिला मुख्यालय पर आयोजित रैली में पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना, जिला पंचायत सीईओ कमलेश भार्गव, रक्षित निरीक्षक रविकांत शुक्ला, निरीक्षक बृजमोहन माहौर एवं निरीक्षक चेतन सिंह बैस सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
रैली में पुलिस लाइन के 100, विशेष सशस्त्र बल के 60 तथा एनसीसी-एनएसएस के 50 सदस्यों सहित लगभग 200 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में कुल 600 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए।

इस पैदल मार्च का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना और आमजन को शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूक करना था। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों ने एकता और अनुशासन का परिचय दिया।