मुरैना। जिले में 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जा रहे “सहकारी सप्ताह” के अंतर्गत सोमवार को नवीन कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, हरित विकास का संदेश देना तथा आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव एवं अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना समय की आवश्यकता है। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधरोपण अभियान से जुड़ना चाहिए।पौधरोपण के बाद अधिकारियों ने लगाए गए पौधों का विवरण एवं फोटो अंकुर एप पर भी अपलोड किया, जिससे पौधों की नियमित निगरानी और संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।इस अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक आयुक्त सहकारिता सहित बैंक एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।उल्लेखनीय है कि सहकारी सप्ताह के दौरान जिलेभर में जन-जागरूकता, सहकारिता को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य सहकारिता की भावना को मजबूत करना और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना है।