मुरैना जिले के कैलारस थाना पुलिस ने सीमेंट व्यापारी की दुकान में हुई नगदी चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई करीब 5 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक मुरैना द्वारा जिले में चोरी, नकबजनी एवं पशुधन चोरी की घटनाओं की रोकथाम तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी कैलारस उमेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में थाना कैलारस पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस को 28 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर फरार चल रहे आरोपी गोविन्द पुत्र रामसिंह को जिला राजगढ़ के कड़िया सांसी गांव से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर सीमेंट व्यापारी की दुकान में चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई करीब 5 लाख रुपये की नकदी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।