मुरैना। पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना के निर्देश पर जिलेभर में वांछित, वारंटी और इनामी आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रिठौराकलां थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध शराब निर्माण के मामले में करीब सात माह से फरार चल रहे ₹5 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं एसडीओपी बामौर अनिल कुमार मंडराह के मार्गदर्शन में थाना रिठौराकलां पुलिस ने 29 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना रिठौराकलां के अपराध क्रमांक 116/25, धारा 49(क) आबकारी अधिनियम के आरोपी राजकुमार उर्फ टन्नी गुर्जर को ग्राम टीकरी स्थित यात्री प्रतीक्षालय से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।