राजीनामे का दबाव, धमकियां और फायरिंग का आरोप: बेटे की हत्या के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा पीड़ित परिवार

मुरैना। बेटे की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपियों पर राजीनामा करने का दबाव बनाने, जान से मारने की धमकियां देने और घर पर फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार सोमवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचा। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि मामले में नामजद आरोपी पिछले चार महीने से फरार हैं, लेकिन पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है। साथ ही परिवार की सुरक्षा के लिए घर पर सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग भी की गई। जानकारी के अनुसार, सरायछोला थाना क्षेत्र के रिठौरा खुर्द गांव निवासी गब्बर सिंह अपने परिजनों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से एसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक को एक शिकायती आवेदन सौंपा। आवेदन में उन्होंने बताया कि कुछ माह पहले पुरानी रंजिश के चलते उनके बेटे की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने पांच नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने अब तक केवल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच नामजद आरोपी पिछले चार महीने से फरार चल रहे हैं। उनका कहना है कि फरार आरोपी लगातार उन पर राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं। इसके साथ ही वे जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं और रात के अंधेरे में घर के बाहर फायरिंग कर परिवार को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। इससे पूरा परिवार भय के माहौल में जीवन जीने को मजबूर है। गब्बर सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार सरायछोला थाना प्रभारी से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने से बच रही है, जिससे आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए हैं। पीड़ित परिवार ने एसपी से मांग की कि फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, उनके परिवार की सुरक्षा के लिए घर पर सुरक्षा गार्ड तैनात किया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिकायत सुनने के बाद पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित परिवार को मामले में नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

error: Content is protected !!