साइबर ठगी से बचने का संदेश, मुरैना पुलिस ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई शपथ

मुरैना। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चलाए जा रहे “सेफ क्लिक 2.0” साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय मुरैना में प्रातःकालीन सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता के प्रतीक ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई।इसके बाद एसपी धर्मराज मीना ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और साइबर अपराधों की रोकथाम व जन-जागरूकता की शपथ दिलाई।एसपी ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध लगातार नए-नए रूपों में सामने आ रहे हैं और इनसे बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम जागरूकता है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे स्वयं साइबर सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करें और आमजन को भी संदिग्ध कॉल, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड, निवेश के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी तथा ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने के लिए लगातार जागरूक करें।उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो वह तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करे तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर, रक्षित निरीक्षक रविकांत शुक्ला, सूबेदार गजेन्द्र परिहार सहित पुलिस कार्यालय के सभी शाखा प्रभारी, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण और साइबर अपराधों के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

error: Content is protected !!