सब्जी मंडी में भीषण आग, 8 लाख की सब्जियां जलकर राख, ढाई घंटे बाद पाया गया काबू

सबलगढ़ की कृषि उपज सब्जी मंडी में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से पांच व्यापारियों की करीब 7 से 8 लाख रुपये कीमत की आलू और लहसुन समेत अन्य सब्जियां जलकर राख हो गईं।

आग बुझाने के लिए सबलगढ़ के अलावा कैलारस, झुंडपुरा और गेल इंडिया की दमकलों को भी बुलाना पड़ा। करीब ढाई घंटे की मशक्कत और आधा दर्जन पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाया गया। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच मंडी स्थित आलू के गोदाम में अचानक आग लग गई।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास में रखी लहसुन की बोरियों तक फैल गई। गोदाम से धुआं और तेज लपटें उठती देख व्यापारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं।शुरुआत में स्थानीय दमकल ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण अतिरिक्त फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी। सभी दमकलों ने संयुक्त रूप से लगातार पानी डालकर करीब ढाई घंटे बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद थे तथा राजस्व विभाग नुकसान का आकलन कर रहा था।एसडीएम का बयान:सबलगढ़ एसडीएम मेघा तिवारी ने बताया कि सुबह सब्जी मंडी में अचानक आग लगने से करीब 7 से 8 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दमकल की आधा दर्जन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

error: Content is protected !!