Morena Coaching Inspection: मुरैना। शहर के कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की जांच के लिए प्रशासन की टीम ने निरीक्षण अभियान चलाया। औचक निरीक्षण के दौरान कई कोचिंग संस्थानों में क्षमता से अधिक छात्रों को उमस भरे कमरों में बैठाकर पढ़ाया जाता मिला।

कई जगह हालात ऐसे थे कि छात्र भेड़-बकरियों की तरह ठूंस-ठूंस कर बैठे हुए मिले।निरीक्षण के दौरान एसडीएम रामनिवास सिकरवार ने व्यवस्थाओं पर कड़ी नाराजगी जताई। जांच में सामने आया कि कई कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था भी नहीं मिली, जिससे दुर्घटना की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है।

एसडीएम ने कोचिंग संचालकों को दो दिन के भीतर सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में सुधार नहीं होने पर संबंधित कोचिंग संस्थानों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी बी.एस. इंदौलिया, डीपीसी हरीश तिवारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस बल भी मौजूद रहा। प्रशासन की इस कार्रवाई से शहर के कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया है।


