मुरैना । शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के तहत कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने मंगलवार को अंबाह तहसील भवन पहुंचकर आमजन की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उन्होंने 93 आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में प्राप्त 93 आवेदनों में से 23 मामलों को साप्ताहिक टीएल बैठक में समीक्षा योग्य पाया गया। कलेक्टर ने इन सभी प्रकरणों को तत्काल जन आकांक्षा पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी टीएल बैठक में विभागवार समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों से नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित कराया जाएगा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन और आमजन के बीच विश्वास एवं संवाद का सशक्त माध्यम है। सभी अधिकारी शिकायतों का निराकरण पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ निर्धारित समय-सीमा में करें, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान प्रतिज्ञा शर्मा, नरेश शर्मा, श्यामसुंदर शर्मा, उमेश अवस्थी, सुनीता शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।