मुरैना में चैन स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार, ₹5 लाख से अधिक के सोने के जेवर और अपाचे बाइक बरामद

मुरैना, 7 जुलाई 2026। मुरैना पुलिस ने जिले में लगातार हो रही चैन स्नैचिंग की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल तथा विभिन्न वारदातों में लूटे गए करीब 5 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने के जेवर बरामद किए गए हैं। आरोपियों ने मुरैना के अलावा भिंड और अन्य क्षेत्रों में भी कई चैन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब उनसे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को ग्राम मामचौन निवासी नारायण सिंह यादव ने थाना नूराबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपनी बेटी के साथ ग्वालियर से वापस लौट रहे थे। दोपहर करीब 1:15 बजे सीतापुर रोड पुलिया के पास काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उनकी बेटी के गले से सोने का हार झपट लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना नूराबाद में अपराध क्रमांक 56/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह डावर ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद एसडीओपी बामौर अनिल कुमार मंडराह के मार्गदर्शन में थाना बामौर, नूराबाद, रिठौरा और साइबर सेल की संयुक्त टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, पुराने अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की तथा स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके साथ ही अन्य जिलों में भी पुलिस टीमों ने लगातार दबिश दी।लगातार प्रयासों के बाद 7 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना नूराबाद पुलिस ने सीतापुर तिराहे के पास से तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर नूराबाद क्षेत्र में हुई चैन स्नैचिंग की घटना सहित कई अन्य वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के आधार पर एक अन्य आरोपी को ग्राम खैरवाया, थाना नूराबाद से भी गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में बंटी उर्फ धर्मवीर पुत्र महावीर सिंह गुर्जर (35 वर्ष) निवासी ग्राम गडौरा, थाना सरायछौला, सुनील पुत्र चंदन सिंह गुर्जर निवासी ग्राम खैरवाया, थाना नूराबाद, रिंकू पुत्र रामाधार गुर्जर (38 वर्ष) निवासी ग्राम खैरवाया, थाना नूराबाद तथा भोलू उर्फ मंगल पुत्र रामविलास गुर्जर निवासी ग्राम खैरवाया, थाना नूराबाद, जिला मुरैना शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की है। इसके अलावा विभिन्न अपराधों में छीने गए करीब 5 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने के जेवर भी बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने नूराबाद क्षेत्र की पांच चैन स्नैचिंग की घटनाओं के अलावा लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में दो, गोहद (भिंड) में एक, बड़ोखर मंदिर के पास एक तथा जौरा क्षेत्र में एक अन्य चैन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देना भी स्वीकार किया है। पुलिस इन मामलों में विस्तृत पूछताछ कर रही है और संभावना है कि आरोपियों से अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

मुरैना पुलिस ने बताया कि पूरे गिरोह के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य जिलों में दर्ज मामलों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही अन्य मामलों का भी खुलासा किया जाएगा।

error: Content is protected !!