सांसद जी, आपका चुनावी वादा कब होगा पूरा? सड़क के लिए दंडवत यात्रा पर निकला युवक

Dandvat Yatra Morena: मुरैना। जिले के दिमनी विधानसभा क्षेत्र के घेर का पूरा-सीतापुर गांव में पक्की सड़क की मांग को लेकर एक युवक ने अनोखा विरोध शुरू किया है। गांव के निवासी नवनीत सिंह तोमर अपने गांव से करीब 15 किलोमीटर दूर सांसद शिवमंगल सिंह तोमर के निवास तक दंडवत यात्रा पर निकल पड़े हैं। उनका कहना है कि यदि उनके जीते-जी सड़क नहीं बनी, तो मरने के बाद लाखों लोग आएंगे और शायद तब गांव में सड़क बन जाएगी।

नवनीत सिंह तोमर का आरोप है कि चुनाव से पहले सांसद ने गांव तक पक्की सड़क बनवाने का वादा किया था, लेकिन चुनाव जीतने के बाद यह वादा पूरा नहीं हुआ। लगातार बारिश के कारण गांव का रास्ता दलदल में बदल गया है और पिछले तीन दिनों से बच्चे स्कूल तक नहीं जा पा रहे हैं। मरीजों और ग्रामीणों को भी आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दंडवत यात्रा पर निकले नवनीत सिंह तोमर

नवनीत ने बताया कि वह दिल्ली में निजी नौकरी करते थे, लेकिन गांव की बदहाल स्थिति देखकर वापस लौट आए। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के कारण गांव विकास से कोसों दूर है। इसलिए उन्होंने सांसद को उनका वादा याद दिलाने के लिए दंडवत यात्रा शुरू की है।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में एम्बुलेंस तक गांव नहीं पहुंच पाती, जिससे किसी भी आपात स्थिति में लोगों की जान जोखिम में पड़ जाती है। उनका कहना है कि सड़क बनने से बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होगी और ग्रामीणों को आवागमन की मूलभूत सुविधा मिल सकेगी। बारिश के बीच जारी नवनीत की यह दंडवत यात्रा पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

विकास के दावों के बीच सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए एक युवक का दंडवत यात्रा पर निकलना कई सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि यह अनोखा विरोध जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का ध्यान कब तक आकर्षित कर पाता है।

error: Content is protected !!