पिता ही निकला बेटे का किडनैपर! 48 घंटे में खुला रेनबो स्कूल अपहरण कांड का राज

रेनबो स्कूल से दिनदहाड़े हुआ था 4 वर्षीय छात्र का अपहरण, CCTV और 100 से ज्यादा कैमरों की मदद से खुला पूरा राज

मुरैना। रेनबो स्कूल से अपहृत 4 वर्षीय छात्र कार्तिकेय को मुरैना पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर राजस्थान के पाली से सकुशल बरामद कर लिया। इस सनसनीखेज मामले में सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ कि बच्चे का अपहरण किसी गैंग ने नहीं, बल्कि उसके पिता नीरज उर्फ नीलेश राजपूत ने अपने ड्राइवर और एक अन्य साथी के साथ मिलकर किया था।

कार्तिकेय को कंधे पर बैठाकर ले जाता युवक

14 जुलाई की दोपहर को कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित रेनबो स्कूल से दो स्कूटी सवार युवक कार्तिकेय को कंधे पर बैठाकर ले गए थे। पूरी घटना स्कूल के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई और लगातार जांच शुरू हुई।जांच के दौरान अपहरणकर्ताओं की लोकेशन धौलपुर होते हुए राजस्थान के पाली तक मिली। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और पाली पहुंचकर आरोपी के भाई से पूछताछ की। इसी बीच सूचना मिली कि नीरज एक होटल में बच्चे के साथ छिपा हुआ है। पुलिस ने होटल में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और कार्तिकेय को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस आरोपी को लेकर मुरैना रवाना हो गई है।

स्कूटी से खुला पूरा राज

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में दिख रही स्कूटी के नंबर के आधार पर जांच की तो वह मुरैना के साईं पैलेस लॉज संचालक की निकली। पूछताछ में लॉज संचालक ने बताया कि आरोपी पिछले 12 दिनों से उसके लॉज में ठहरे थे और कई बार उसकी स्कूटी लेकर बाहर जाते थे। उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि उसी स्कूटी का इस्तेमाल अपहरण में किया जाएगा।

राजघाट पुल पर छोड़ी स्कूटी

पुलिस के अनुसार आरोपी बच्चे का अपहरण करने के बाद चंबल के राजघाट पुल तक स्कूटी से पहुंचे। वहां स्कूटी छोड़कर दूसरे वाहन से राजस्थान की ओर फरार हो गए। बाद में लॉज संचालक अपनी स्कूटी वापस ले आया, लेकिन उसने यह बात पुलिस से छिपाई थी।

पिता की गोद में कार्तिकेय

पुलिस के दबाव में होटल में छिपा पिता

पाली पहुंचने के बाद आरोपी को जब पता चला कि पुलिस उसके पीछे पहुंच चुकी है तो उसने अपने दोनों साथियों को अलग भेज दिया और खुद बेटे को लेकर एक होटल में छिप गया। उसने यह जानकारी अपने परिवार वालों को भी नहीं दी थी।

फेसबुक पर हुई थी प्रेम कहानी, फिर बिगड़ गए रिश्ते

पुलिस जांच में सामने आया कि कार्तिकेय के माता-पिता की मुलाकात फेसबुक के जरिए हुई थी। दोस्ती प्यार में बदली और वर्ष 2019 में दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद दोनों मुंबई में रहने लगे, जहां कार्तिकेय का जन्म हुआ। बच्चे की मां ईशू का आरोप है कि बेटे के जन्म के बाद नीरज शराब और नशे का आदी हो गया तथा उसके साथ मारपीट करने लगा। इससे परेशान होकर वह जनवरी 2025 में बेटे को लेकर मुरैना अपनी मां के घर आ गई थी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके दोनों साथियों की तलाश जारी है।

error: Content is protected !!