मुरैना। नेशनल हाईवे-44 पर शनिवार शाम एक कार चालक ने लापरवाही की सारी हदें पार कर दीं। कार चालक ने तेज रफ्तार और अनियंत्रित तरीके से कार चलाते हुए पहले सड़क किनारे खड़े गौवंश को टक्कर मार दी। इसके बाद भी उसने वाहन नहीं रोका और आगे बढ़ते हुए एक चलते हुए ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे बनी दीवार से टकरा गई। हैरानी की बात यह रही कि हादसे के बावजूद चालक मौके से फरार हो गया। पूरी घटना का वीडियो पीछे चल रही एक कार में सवार युवक ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दोपहर करीब 3.30 बजे हुई घटना
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 3.30 बजे नेशनल हाईवे-44 पर मारुति नेक्सा XL6 (क्रमांक MP 06 AK 9036) का चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार कभी सड़क के दाईं ओर तो कभी बाईं ओर जा रही थी और उसकी रफ्तार भी अनियंत्रित थी। पीछे चल रहे वाहन चालकों ने जब कार की खतरनाक ड्राइविंग देखी तो सतर्क होकर दूरी बना ली।

पहले गौवंश को कुचला, फिर ट्रक से टकराई कार
कुछ दूरी चलने के बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़े गौवंश से टकरा गई। हादसे के बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका। आगे बढ़ते हुए कार एक चलते हुए ट्रक से जा भिड़ी और फिर सड़क किनारे बनी दीवार से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बावजूद चालक मौके से भाग निकला।

पीछे चल रहे युवक ने बनाया वीडियो
पूरी घटना पीछे चल रही एक कार में सवार युवक ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली। वीडियो में कार हाईवे पर लहराते हुए चलती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना का वीडियो मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के दौरान किसी अन्य वाहन या व्यक्ति को नुकसान तो नहीं पहुंचा।

टीआई ने कही यह बात
सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान यादव ने बताया कि फिलहाल कार चालक की पहचान नहीं हो सकी है। वीडियो और वाहन नंबर के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। चालक की पहचान होते ही उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बड़ा हादसा टला
गनीमत रही कि इस पूरी घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि जिस तरह चालक हाईवे पर वाहन चला रहा था, उससे किसी भी समय बड़ा सड़क हादसा हो सकता था।


