ऑनलाइन गेम में ढाई लाख हारने के बाद युवक ने रची खुद की किडनैपिंग की साजिश, दिल्ली से मिला सकुशल

मुरैना। जिले में कथित अपहरण का मामला पुलिस जांच में पूरी तरह झूठा निकला। बानमोर थाना क्षेत्र के पवाया रोड निवासी एक युवक ने ऑनलाइन गेम में करीब ढाई लाख रुपये गंवाने के बाद परिवार के सवालों और डांट से बचने के लिए खुद के अपहरण की झूठी कहानी रच दी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच करते हुए युवक को दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल से सकुशल बरामद कर लिया।

परिजनों ने 17 जुलाई को बानमोर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात कार सवार बदमाश उनके बेटे सोनू कुशवाह का अपहरण कर ले गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दो विशेष जांच टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि युवक दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास देखा गया है। सूचना पर पुलिस टीम दिल्ली पहुंची और करीब 150 होटलों में तलाश के बाद चौहान रेजीडेंसी होटल से युवक को सकुशल बरामद कर लिया। मुरैना लाकर पूछताछ करने पर युवक ने स्वीकार किया कि वह ऑनलाइन गेम में करीब ढाई लाख रुपये हार गया था। परिवार की नाराजगी से बचने के लिए उसने खुद ही अपहरण की झूठी साजिश रची और दिल्ली जाकर छिप गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल डाबर ने बताया कि तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शुरुआत से ही मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा था। पुलिस ने युवक को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!