मुरैना जिले के कैलारस जनपद की चमरगवां पंचायत में भ्रष्टाचार की शिकायत की जांच के दौरान बड़ा हंगामा हो गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच टीम के सामने ही सरपंच पति और उसके परिजनों ने उस पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।

मामला चमरगवां पंचायत का है, जहां गांव के निवासी दीपक धाकड़ ने सरपंच विद्या देवी धाकड़ और पंचायत सचिव पर पंचायत में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर जनपद पंचायत के सीईओ और पंचायत सचिव जांच के लिए गांव पहुंचे। शिकायतकर्ता के अनुसार, जांच के दौरान ही सरपंच पति अपने परिजनों के साथ लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गया और उसके साथ मारपीट करते हुए गांव से बाहर निकालने तथा जान से मारने की धमकी दी। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए।दीपक धाकड़ का आरोप है कि पंचायत में 505 मीटर आरसीसी सड़क का निर्माण कागजों में दिखाकर करीब 15 लाख रुपये निकाल लिए गए, जबकि मौके पर करीब 100 मीटर ही सड़क बनी है। इसके अलावा तालाब निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों में भी फर्जीवाड़ा कर लगभग एक करोड़ रुपये के सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि घटना की शिकायत थाने में करने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आना बाकी है।