अस्पताल में महिला से डेढ़ लाख के गहनों की ठगी, ‘सम्मोहन’ के बहाने वारदात, CCTV खंगाल रही पुलिस

गर्भवती बहू का अल्ट्रासाउंड कराने आई महिला से सोने के बाले और पेंडल लेकर फरार हुए तीन संदिग्ध, कोतवाली में शिकायत दर्ज

मुरैना जिला अस्पताल में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कुछ संदिग्ध लोगों ने एक महिला को कथित तौर पर सम्मोहित कर उससे करीब डेढ़ लाख रुपये के सोने के गहने ठग लिए। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार मीना पत्नी पुत्तू खटीक, निवासी तुस्सीपुरा (काली माता मंदिर के पास), अपनी गर्भवती बहू का अल्ट्रासाउंड कराने जिला अस्पताल आई थीं। बहू को लाइन में खड़ा करने के बाद वह अपने नाती के साथ अस्पताल परिसर में एक पेड़ के नीचे बैठकर इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति उनके पास आया और खाने के लिए पैसे मांगने लगा। कुछ देर बाद दो अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि बातचीत के दौरान एक व्यक्ति ने महिला की आंखों के सामने रुमाल घुमाया, जिसके बाद महिला कथित तौर पर उसके प्रभाव में आ गई और उसने अपने कानों के सोने के बाले तथा गले का सोने का पेंडल उतारकर आरोपियों को दे दिया।

कुछ देर बाद जब महिला को घटना का एहसास हुआ तो ठग मौके से फरार हो चुके थे। इसके बाद परिजन महिला को लेकर कोतवाली थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

error: Content is protected !!