मुरैना में सनसनी: घर में अकेली बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या, सोने के जेवर लूटकर फरार बदमाश

देवगढ़ थाना क्षेत्र के उत्तमपुरा गांव की वारदात, एफएसएल टीम मौके पर, हत्या और लूट दोनों एंगल से जांच में जुटी पुलिस

मुरैना जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र के उत्तमपुरा गांव में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। अज्ञात बदमाशों ने घर में अकेली रह रही 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला के गले से सोने की चेन और कानों के बाले लूटकर फरार हो गए। घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

मृतक महिला बिमला का शव

मृतका की पहचान विमला पत्नी बाबू सिंह सिंकरवार (60 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनके पति ग्वालियर में नौकरी करते हैं और घटना के समय महिला घर में अकेली थी। इसी दौरान देर रात अज्ञात बदमाश घर में घुसे और धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी। इसके बाद बदमाश सोने के जेवर लेकर फरार हो गए।

घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीण

घटना की सूचना मिलते ही देवगढ़ थाना प्रभारी जयपाल गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

एसडीओपी जौरा एनआरएस बघेल ने बताया कि उत्तमपुरा गांव में एक वृद्ध महिला की गला रेतकर हत्या की सूचना मिली है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। महिला की हत्या किसने और किन कारणों से की, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।फिलहाल पुलिस हत्या और लूट, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद थी और बदमाशों की तलाश जारी थी।

error: Content is protected !!