मुरैना में निजी स्कूल बंद, पोरसा हत्याकांड के विरोध में शिक्षकों और संचालकों का प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

मुरैना। पोरसा में निजी स्कूल संचालक स्व. सतीश सिंह तोमर की नृशंस हत्या के विरोध में अशासकीय विद्यालय संचालक एवं शिक्षक संघ, जिला मुरैना ने सोमवार को कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर सीताराम वर्मा को ज्ञापन सौंपकर निजी विद्यालय संचालकों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। संघ का कहना है कि इस घटना से जिलेभर के निजी विद्यालय संचालकों और शिक्षकों में भय एवं असुरक्षा का माहौल बन गया है। मृतक को श्रद्धांजलि स्वरूप 27 जुलाई 2026 को जिले के सभी अशासकीय शिक्षण संस्थानों का संचालन बंद रखा गया।

ज्ञापन में संघ ने शुल्क वसूली के लिए स्पष्ट एवं प्रभावी दिशा-निर्देश जारी करने, किसी भी शिकायत पर कार्रवाई से पहले संबंधित विद्यालय का पक्ष सुनना अनिवार्य करने तथा विद्यालय संचालकों, शिक्षकों और उनके परिवारों की सुरक्षा के लिए सख्त कानूनी प्रावधान लागू करने की मांग की।

इसके साथ ही शिकायतों के निष्पक्ष समाधान के लिए प्रशासन, शिक्षा विभाग और अशासकीय विद्यालय शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए शिकायत निवारण समिति गठित करने का सुझाव भी दिया गया। संघ का कहना है कि झूठी शिकायतों पर एकपक्षीय कार्रवाई से विद्यालयों की प्रतिष्ठा प्रभावित होती है।

संघ ने चेतावनी दी कि यदि शासन और प्रशासन इस संबंध में प्रभावी कानून नहीं बनाते हैं, तो प्रदेशभर के अशासकीय विद्यालय शिक्षक दिवस को “काला दिवस” के रूप में मनाएंगे।

error: Content is protected !!