मुरैना फायरिंग केस में ₹2,500 का ईनामी बदमाश कान्हा शर्मा गिरफ्तार, अवैध कट्टा और कारतूस बरामद

मुरैना पुलिस ने फायरिंग के एक मामले में करीब एक महीने से फरार चल रहे ₹2,500 के ईनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर जिले में गंभीर अपराधों के आरोपियों और फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चन्दौरिया के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 292/26 (बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट) में वांछित आरोपी कान्हा शर्मा (30 वर्ष), निवासी दीक्षित वाली गली, रामनगर, मुरैना को रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का अवैध कट्टा और एक जिंदा राउंड बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके विरुद्ध जिलाबदर की कार्रवाई भी प्रस्तावित की जा रही है। इस मामले में तीन अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि शेष आरोपी की तलाश जारी है।

error: Content is protected !!