सरकारी जमीन पर कब्जे के विवाद में दो सगे भाइयों की मौत, मुरैना के हटूंपुरा गांव में फायरिंग से दहशत

मुरैना। जिले के सुमावली थाना क्षेत्र के हटूंपुरा गांव में सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर रविवार को खूनी संघर्ष हो गया। कांटों की बाड़ लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते ताबड़तोड़ फायरिंग में बदल गया। घटना में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार, सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और फायरिंग शुरू हो गई। गोली लगने से राजवीर गुर्जर (42) और अजब सिंह उर्फ बंटू (30) की मौत हो गई।

फायरिंग में विकास गुर्जर और पप्पू उर्फ धीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मृतकों के परिजनों ने नत्थो उर्फ नाथूराम, छोटे सिंह, सचिन, राहुल, व सुमित, सत्यपाल, लवकुश और गोलू सहित छह अज्ञात लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों ने आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाने और परिवार की सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस जारी करने की मांग भी की है।

एसडीओपी बानमोर अनिल कुमार ने बताया कि सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर एक ही परिवार के लोगों के बीच विवाद हुआ था। फायरिंग में दो सगे भाइयों की मौत हुई है और दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

घटना के बाद हटूंपुरा गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस गांव में गश्त कर रही है और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

error: Content is protected !!