मुरैना। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सिंघल बस्ती में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। घर के सामने खेल रही अंशु वाल्मीकि सीवर लाइन के लिए सड़क किनारे रखे भारी पाइप के नीचे दब गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पाइप हटाकर बच्ची को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह अंशु अपने घर के बाहर सड़क किनारे रखे सीवर पाइपों पर खेल रही थी। इसी दौरान अचानक एक पाइप लुढ़ककर उसके ऊपर आ गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत राहत का प्रयास किया, लेकिन मासूम को बचाया नहीं जा सका।

मृतक बच्ची के परिजनों ने इस घटना के लिए संबंधित ठेकेदार की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि सीवर लाइन के पाइप कई दिनों से सड़क किनारे असुरक्षित तरीके से रखे हुए थे। कई बार पाइप हटाने की मांग करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी। सीएसपी दीपाली चंदेरिया ने बताया कि सीवर पाइप के नीचे दबने से चार वर्षीय बच्ची की मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे ने निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि भारी पाइपों को सुरक्षित तरीके से रखा गया होता, तो यह दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी।