कलम बंद, काम ठप! तीन सूत्रीय मांगों को लेकर मुरैना के पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू

मुरैना। जिले के पटवारियों ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। मध्य प्रदेश पटवारी संघ के बैनर तले जिलेभर के करीब 250 पटवारी न्यू कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ धरना देते हुए कार्यालयीन कार्यों का बहिष्कार कर दिया।

पटवारियों की प्रमुख मांगों में पदोन्नति, कैडर रिव्यू लागू करना और समयमान वेतनमान में सुधार शामिल हैं। संघ का कहना है कि ये मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के विरोध में पटवारियों ने कलम बंद कर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया है।

धरने पर बैठे पटवारियों ने कहा कि कई बार अपनी मांगों को शासन के सामने रखा गया, लेकिन समाधान नहीं होने के कारण अब आंदोलन ही अंतिम विकल्प बचा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती या ठोस आश्वासन नहीं देती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

पटवारियों की इस हड़ताल का सीधा असर राजस्व विभाग के कामकाज पर पड़ सकता है। जमीन नामांतरण, सीमांकन, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्रों से जुड़े कार्यों सहित अन्य राजस्व संबंधी सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है, जिससे आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

एडीएम अश्विनी रावत ने बताया कि, 3 सूत्रीय मांगों को लेकर पटवारी अनिश्चितकालीन हडक़ल पर बैठे हुए है। उन्होंने एक ज्ञापन भी दिया है। पटवारियों के हड़ताल पर बैठने से कामकाज प्रभावित होगा। अभी तो कोई व्यवस्था नहीं कि गई है, यदि हड़ताल लंबी खिंचती है तो वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।

error: Content is protected !!