स्कूल के टॉयलेट में आपत्तिजनक सामग्री मिलने से हड़कंप, स्टॉफ पर उठे सवाल

पहाड़गढ़। सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्कूल की तीसरी मंजिल पर बने टॉयलेट से आपत्तिजनक सामग्री के पैकेट मिलने का मामला सामने आया है। स्कूल स्टॉफ द्वारा इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, स्कूल स्टॉफ ने तीसरी मंजिल के टॉयलेट का दरवाजा खुलवाया, जहां आपत्तिजनक सामग्री के पैकेट मिले। स्टॉफ ने मौके का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बताया जा रहा है कि विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे भी करीब दो महीने से बंद हैं। ऐसे में सामग्री टॉयलेट तक कैसे पहुंची और इस दौरान स्कूल की निगरानी व्यवस्था कैसी रही, इसे लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी बीएस इन्दोलिया ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।

डीईओ बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई

डीईओ बीएस इन्दोलिया के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामले में स्कूल के किसी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी। दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्राचार्य ने बताया साजिश

वहीं, स्कूल के प्राचार्य रवि कुमार शाक्य ने पूरे मामले को अपने खिलाफ रची गई साजिश बताया है। उनका आरोप है कि उन्हें पद से हटाने के उद्देश्य से स्कूल के ही कुछ स्टॉफ द्वारा षड्यंत्र किया गया है। प्राचार्य के मुताबिक, मामले की जांच के लिए समिति गठित की जा रही है, जो जांच के बाद अपनी रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपेगी।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित

स्कूल में आपत्तिजनक सामग्री मिलने की जानकारी सामने आने के बाद अभिभावकों में भी नाराजगी है। परिजन स्कूल में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। खासतौर पर सीसीटीवी कैमरों के लंबे समय से बंद होने की बात को गंभीरता से देखा जा रहा है। अब जांच समिति की रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि तीसरी मंजिल के टॉयलेट में आपत्तिजनक सामग्री कैसे पहुंची, सीसीटीवी कैमरे बंद क्यों थे और इस मामले के लिए कौन जिम्मेदार है।

error: Content is protected !!