मुरैना में गरजे करणी सेना अध्यक्ष राज शेखावत, 23 अगस्त को दिल्ली कूच का ऐलान

मुरैना। यूजीसी के विरोध में दिल्ली में प्रस्तावित सवर्ण महापंचायत को लेकर करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत मुरैना पहुंचे। यहां उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचने और 23 अगस्त 2026 को प्रस्तावित महापंचायत में शामिल होने का आह्वान किया।

डॉ. राज शेखावत ने केंद्र सरकार पर यूजीसी को लेकर सवर्ण वर्ग के छात्र-छात्राओं के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार के फैसले के विरोध में उनका आंदोलन जारी रहेगा और 23 अगस्त को दिल्ली में बड़ी संख्या में लोग जुटेंगे। शेखावत ने दावा किया कि महापंचायत में लाखों युवा शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार की ओर से सकारात्मक पहल नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

सरकार को दी चेतावनी

मुरैना में युवाओं को संबोधित करते हुए शेखावत ने आंदोलन के दौरान बल प्रयोग किए जाने की स्थिति में कड़ा जवाब देने की बात कही। उन्होंने कहा, “कोई हमें छेड़ेगा तो हम भी नहीं छोड़ेंगे, लाठी का जवाब लाठी से दिया जाएगा।” उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा तेज हो सकती है। हालांकि, यह बयान शेखावत ने आंदोलन के संदर्भ में दिया है।

23 अगस्त को दिल्ली कूच का आह्वान

करणी सेना अध्यक्ष ने छात्र-छात्राओं और युवाओं से 23 अगस्त को दिल्ली पहुंचने की अपील की। उन्होंने समर्थकों से झंडे के साथ महापंचायत में शामिल होने का आह्वान भी किया। अब नजर इस बात पर है कि 23 अगस्त को दिल्ली में प्रस्तावित सवर्ण महापंचायत में कितनी भीड़ जुटती है और यूजीसी के विरोध में चल रहा यह आंदोलन आगे क्या रूप लेता है।

error: Content is protected !!