छात्राओं से कथित अभद्र व्यवहार के आरोपी लैब सहायक पर POCSO FIR, मामला दर्ज होते ही फरार

मुरैना। शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं से कथित अभद्र व्यवहार के मामले में कोतवाली पुलिस ने लैब सहायक आशीष दोनेरिया के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज की है। शिकायत के बाद आरोपी के फरार होने की बात सामने आई है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। बताया जा रहा है कि करीब एक दर्जन छात्राएं अपने परिजनों के साथ कोतवाली थाने पहुंची थीं। छात्राओं ने लैब सहायक पर कक्षा में आकर परेशान करने और कथित आपत्तिजनक व्यवहार के आरोप लगाए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपी के खिलाफ पहले से चार मामले दर्ज होने का दावा

जानकारी के अनुसार, आरोपी आशीष दोनेरिया के खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से चार मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस अब नए मामले के साथ पुराने प्रकरणों की जानकारी भी खंगाल रही है।

शिक्षा विभाग ने किया निलंबित

FIR दर्ज होने के बाद शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई करते हुए लैब सहायक आशीष दोनेरिया को निलंबित कर दिया है। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल के प्राचार्य राकेश कुमार शर्मा को नोटिस जारी कर मामले में जवाब मांगा है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले में छात्राओं की शिकायत और FIR में दर्ज तथ्यों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!