मुरैना। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जौरा थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन देशी पिस्टल बरामद की हैं। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर जिले में आर्म्स एक्ट से जुड़े अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं एसडीओपी जौरा नितिन बघेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को 18 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियार बेचने के उद्देश्य से हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना जौरा पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने पगारा चौकी के पास बुराबली रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से तीन देशी पिस्टल बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपी की पहचान सौरभ खटीक (31 वर्ष) पुत्र आशाराम खटीक निवासी लाल घटिया खार मोहल्ला, थाना सबलगढ़ के रूप में हुई। आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने की बात स्वीकार की।पुलिस ने तीनों पिस्टल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना जौरा में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 248/26, धारा 25(1A) आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।पुलिस के अनुसार मामले में फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व से भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
