पुरानी रंजिश में 15-20 राउंड फायरिंग, एक की मौत, तीन घायल… पुलिस की मौजूदगी पर भी उठे सवाल

मुरैना। पुरानी रंजिश को लेकर मुरैना में दो गुटों के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में 25 वर्षीय अक्षय मुदगल की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों की पहचान हीरा सिंकरवार, सुनील डंडोतिया और भूरा डंडोतिया के रूप में हुई है। घटना स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के राम नगर की बताई जा रही है।

15 से 20 राउंड फायरिंग का आरोप

परिजनों के मुताबिक, भूरा कांकोली और विजय पंडित ने 4-5 साथियों के साथ मिलकर फायरिंग की। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने करीब 15 से 20 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि फायरिंग के दौरान मौके पर तीन पुलिसकर्मी मौजूद थे, लेकिन आरोपियों को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इस आरोप के बाद पुलिस की मौजूदगी और भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

9 नामजद आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

घटना के बाद मृतक और घायलों के परिजनों ने पुलिस-प्रशासन के सामने कई मांगें रखी हैं। परिजनों ने 9 नामजद आरोपियों और मौके पर मौजूद बताए जा रहे तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।इसके अलावा परिवार ने अपने दो निलंबित लाइसेंस बहाल करने और आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई किए जाने की मांग भी रखी है।

मांगें नहीं मानी तो आत्मदाह की चेतावनी

परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने परिजनों को समझाइश दी, जिसके बाद परिजन अक्षय मुदगल के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुए।खबर लिखे जाने तक अक्षय मुदगल के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस पहुंचा दिया गया था। पुलिस मामले की जांच और आरोपों की पड़ताल में जुटी है।

error: Content is protected !!