राबिया किन्नर डकैती कांड: 5 माह बाद ₹10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

मुरैना। पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना के निर्देश पर जिले में गंभीर अपराधों के आरोपियों, इनामी एवं फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अम्बाह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब पांच माह से फरार चल रहे ₹10 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाखों रुपये का मशरूका, मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं एसडीओपी अम्बाह रवि सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में थाना अम्बाह पुलिस ने राबिया किन्नर के घर हुई डकैती के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी बॉबी निषाद को गिरफ्तार किया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना अम्बाह के अपराध क्रमांक 24/2026 में वांछित आरोपी बॉबी निषाद पुत्र बनारसी उर्फ बनवारी निषाद (22 वर्ष), निवासी बरकतपुर थाना रसूलपुर, जिला फिरोजाबाद, ग्राम सामलदास का पुरा पिनाहट क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लूटा गया करीब 400 ग्राम चांदी के आभूषण, जिसकी अनुमानित कीमत 21.25 लाख रुपये, एक मोटरसाइकिल कीमत करीब 1.30 लाख रुपये तथा एक 315 बोर का अवैध देशी कट्टा कीमत लगभग 5 हजार रुपये बरामद किया गया। बरामदगी के बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 भी जोड़ी गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। डकैती की इस वारदात में शामिल अब तक 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

error: Content is protected !!