मुरैना। सिगरेट और कोल्डड्रिंक के पैसे मांगने को लेकर मुरैना में एक दुकानदार पर फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो बाइकों पर सवार होकर आए पांच युवक दुकान से सिगरेट और कोल्डड्रिंक लेने के बाद बिना पैसे दिए जाने लगे। दुकानदार ने जब सामान के पैसे मांगे तो विवाद हो गया। इसी दौरान एक आरोपी ने कथित तौर पर कट्टे से फायर कर दिया। गोली दुकानदार के हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गया।
पैसे मांगने पर हुआ विवाद
घायल दुकानदार की पहचान गीताराम गुर्जर उर्फ मोहर सिंह, निवासी बड़ी नहर सिकरौदा के रूप में हुई है। गीताराम सिकरौदा नहर चौराहे पर हाईवे किनारे किराने की दुकान संचालित करता है।बताया जा रहा है कि शनिवार-रविवार की रात गीताराम दुकान पर बैठा था। इसी दौरान दो बाइक पर पांच युवक पहुंचे और दुकान से सिगरेट व कोल्डड्रिंक खरीदी। आरोप है कि सामान लेने और उसका सेवन करने के बाद युवक बिना पैसे दिए जाने लगे। दुकानदार ने जब उनसे पैसे मांगे तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपियों में से एक ने कट्टे से फायर कर दिया। गोली गीताराम के हाथ में लगी और वह घायल हो गया। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सिकरौदा नहर चौराहे की बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव के अनुसार रात में सिकरौदा नहर चौराहे पर झगड़े की सूचना मिली थी। घटना में एक दुकानदार के हाथ में गोली लगने से वह घायल हुआ है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है।