मुरैना में रोटरी क्लब रॉयल्स का शपथ ग्रहण समारोह, सौरभ गुलाटी बने अध्यक्ष

मुरैना। रोटरी क्लब मुरैना रॉयल्स का भव्य शपथ ग्रहण समारोह शनिवार, 22 अगस्त 2026 को अग्रवाल सेवा सदन, टी.आर. पुरम, मुरैना में उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में क्लब के सदस्यों के साथ शहर के अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद मंचासीन अतिथियों एवं क्लब पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। समारोह में रोटेरियन सीए ब्रजमोहन अग्रवाल, राहुल श्रीवास्तव, प्रदीप पाराशर, संत प्रताप राय, भूपेंद्र जैन और सीए प्रकाश अग्रवाल सहित अन्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।समारोह के दौरान अतिथियों एवं क्लब पदाधिकारियों ने रोटरी के सेवा कार्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर कार्य करने का संदेश दिया।

सौरभ गुलाटी बने अध्यक्ष

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान रोटेरियन सौरभ गुलाटी ने अध्यक्ष, रोटेरियन पवन गर्ग ने सचिव तथा पंकज गोयल ने कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली। इसके साथ ही क्लब के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने भी शपथ ग्रहण की। नवीन सदस्यों को रोटरी की सेवा भावना और दायित्वों के प्रति शपथ दिलाई गई।इससे पूर्व पूर्व सचिव गौरव मित्तल ने पिछले रोटरी वर्ष में क्लब द्वारा किए गए सामाजिक एवं सेवा कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस दौरान क्लब द्वारा विकसित रोटरी उपवन की अतिथियों ने सराहना की।

थीम सॉन्ग पर सदस्यों की जोशपूर्ण एंट्री

समारोह का विशेष आकर्षण रोटरी क्लब के थीम सॉन्ग पर सदस्यों की शानदार और जोशपूर्ण एंट्री रही। सदस्यों ने उत्साह और ऊर्जा के साथ सहभागिता करते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस अवसर पर क्लब की ओर से उपस्थित विशिष्ट अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं क्लब सदस्यों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।

रोटरी क्लब मुरैना रॉयल्स के इस शपथ ग्रहण समारोह ने सेवा, समर्पण, नेतृत्व और सामाजिक सरोकारों के प्रति क्लब की प्रतिबद्धता को नई ऊर्जा प्रदान की। समारोह में उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों ने आगामी सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं जनकल्याणकारी बनाने का संकल्प लिया।

error: Content is protected !!