मुरैना जिले के पहाड़गढ़ क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध इश्वरा महादेव मंदिर के आसपास जंगल में दो वन्यजीव दिखाई देने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे कुछ लोगों ने जंगल में दो वन्यजीवों को देखा और मोबाइल कैमरे में उनका वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम के साथ वन्यजीवों की लोकेशन ट्रेस करने वाली टीम भी पहाड़गढ़ पहुंच गई। टीमें जंगल और मंदिर के आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग कर वन्यजीवों की मौजूदगी और उनकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी हैं।
श्रद्धालुओं ने बनाया वीडियो
मंदिर की ओर जा रहे श्रद्धालुओं के मुताबिक उन्हें जंगल में दो वन्यजीव दिखाई दिए। अचानक नजर आने पर उन्होंने मोबाइल से उनका वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो स्थानीय स्तर पर सामने आया और वन विभाग तक इसकी सूचना पहुंची। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे वन्यजीव वास्तव में चीते हैं या कोई अन्य वन्यजीव, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग वायरल वीडियो और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रहा है।
मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील
दो वन्यजीव दिखाई देने की सूचना के बाद वन विभाग ने क्षेत्रवासियों और इश्वरा महादेव मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को जंगल की ओर अकेले नहीं जाने और किसी भी वन्यजीव के करीब जाने या उसे परेशान करने से बचने की सलाह दी गई है। वन विभाग की टीमें आसपास के जंगल में लगातार सर्चिंग कर रही हैं। वन्यजीवों की वास्तविक पहचान और उनकी मौजूदगी की पुष्टि टीम की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
DFO ने कहा- टीम मौके पर कर रही सर्चिंग
डीएफओ हरीश चंद्र बघेल ने बताया कि वन विभाग को क्षेत्र में दो चीते दिखाई देने की सूचना मिली है। सूचना के बाद टीम को पहाड़गढ़ भेजकर सर्चिंग कराई जा रही है। वीडियो भी सामने आया है। टीम मौके पर पहुंचकर वन्यजीवों की लोकेशन और उनकी पहचान की पुष्टि करने में जुटी हुई है।