मुरैना। आगामी 12 सितम्बर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए बुधवार को प्रचार वाहन रवाना किया गया। प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुरैना संगीता मदान ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रचार वाहन जिले के शहरी, ग्रामीण एवं सुदूर अंचलों में पहुंचकर आमजन को नेशनल लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों के त्वरित एवं आपसी सहमति से निराकरण की जानकारी देगा। लोगों को लोक अदालत के लाभ और विभिन्न प्रकृति के प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पात्र पक्षकारों से अपील की गई है कि वे 12 सितम्बर को आयोजित नेशनल लोक अदालत में सहभागिता कर अपने प्रकरणों का आपसी सहमति से निराकरण कराएं।
इस अवसर पर मुरैना मुख्यालय के न्यायाधीशगण, अभिभाषक संघ मुरैना के अध्यक्ष हरिसिंह सिकरवार, अधिवक्तागण, न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।