मुरैना में मौसम का अलर्ट, अगले 3 घंटे भारी बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना

मुरैना। मानसून की बेरुखी के बीच सितंबर की शुरुआत में हुई तेज बारिश ने मुरैना शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। गुरुवार 3 सितंबर को सुबह करीब 9 बजे शुरू हुई तेज बारिश से न्यू हाउसिंग बोर्ड, कलेक्टर कार्यालय के आसपास, बैरियर चौराहा, एम.एस रोड समेत शहर के कई प्रमुख मार्गों पर पानी भर गया।

न्यू हाउसिंग बोर्ड कलेक्टर कार्यालय से लगा हुआ शहर का पॉश इलाका माना जाता है। यहां भी सड़क पर पानी जमा हो गया। कई स्थानों पर वाहनों के पहिए करीब चार इंच तक पानी में डूबे नजर आए। जलभराव के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

अगले 3 घंटे भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने मुरैना और ग्वालियर जिले के लिए अगले 3 घंटों का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार दोनों जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। ऐसे में शहर में पहले से बने जलभराव के बीच आने वाले घंटों में परेशानी और बढ़ सकती है।

अगस्त में सूखा, सितंबर की बारिश से राहत

मुरैना जिले में इस बार मानसून देर से आया और अब तक बारिश औसत से कम रही है। अगस्त का महीना भी अपेक्षाकृत सूखा रहा। गुरुवार की बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है।

जल निकासी व्यवस्था पर सवाल

हर साल बारिश से पहले नगर निगम द्वारा नालों की सफाई और जल निकासी के इंतजाम किए जाने के दावे किए जाते हैं। लेकिन कुछ ही देर की बारिश में शहर के प्रमुख मार्गों पर पानी भरने से इन दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि यदि तेज बारिश का दौर जारी रहा तो शहर के कई इलाकों में हालात और बिगड़ सकते हैं।

मौसम विभाग ने बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।

error: Content is protected !!