मुरैना। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए ‘माँ तुझे प्रणाम’ योजना के तहत मुरैना जिले के युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के अंतर्गत युवाओं को भारत की अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं की अनुभव यात्रा कराई जाएगी।खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक प्रशांत कुमार कुशवाह ने बताया कि जिले के पोरसा, अम्बाह, मुरैना, जौरा, कैलारस, पहाड़गढ़ और सबलगढ़ विकासखंडों से 10-10 युवाओं का चयन किया जाएगा। इनमें 5 युवक और 5 युवतियां शामिल होंगी। प्रत्येक विकासखंड से एनसीसी, खिलाड़ी, मेधावी छात्र, स्काउट और एनएसएस वर्ग से एक-एक युवक तथा इसी प्रकार पांच युवतियों का चयन किया जाएगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
आवेदक की आयु 31 दिसंबर 2026 को 15 से 25 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। संबंधित क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इच्छुक युवा आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, जो युवा पहले ‘माँ तुझे प्रणाम’ योजना के तहत अनुभव यात्रा कर चुके हैं, वे इस यात्रा के लिए पात्र नहीं होंगे।
योजना का उद्देश्य
‘माँ तुझे प्रणाम’ मध्यप्रदेश शासन की राष्ट्रभावना से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है। इसका उद्देश्य युवाओं में देश की अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना, सीमा पर तैनात सैन्य बलों की गतिविधियों और दैनिक जीवन से परिचित कराना तथा देश के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भौगोलिक स्थलों का अनुभव कराना है।
यहां जमा करें आवेदन
इच्छुक युवा संभागीय खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय, डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम, मुरैना में कार्यालयीन समय में आवेदन-पत्र प्राप्त कर जमा कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित विकासखंड के ग्रामीण युवा समन्वयक से भी संपर्क किया जा सकता है।