शराब के लिए पैसे नहीं देने पर मजदूर को डंडों से पीटा, ₹500 निकालने का आरोप

मुरैना। सबलगढ़ थाना क्षेत्र में एक मजदूर युवक के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि शराब के लिए पैसे नहीं देने पर कुछ लोगों ने उसे टम-टम से जबरन नीचे उतारा और बीच सड़क पर डंडों से मारपीट की। पीड़ित ने अपनी जेब से ₹500 निकालने का भी आरोप लगाया है।

टम-टम से जबरन नीचे उतारने का आरोप

जानकारी के अनुसार, समकापुरा निवासी शनि केवट पुत्र होरीलाल केवट मजदूरी करता है। शनि के मुताबिक, वह 8 सितंबर को टम-टम में सवार होकर सबलगढ़ जा रहा था। इसी दौरान बततोखर गांव के पास काढू रावत अपने तीन साथियों के साथ उसे रोक लिया।पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उससे शराब के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर उसे टम-टम से जबरन नीचे खींच लिया गया और डंडों से मारपीट की गई।

राहगीरों ने बीच-बचाव कर युवक को छुड़ाया

मारपीट के दौरान सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने हस्तक्षेप किया और किसी तरह युवक को आरोपियों से छुड़ाया। शनि ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसकी जेब से ₹500 का नोट भी निकाल लिया गया। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसे धमकी दी कि यदि वह आगे से इस रास्ते से गुजरेगा तो शराब के लिए पैसे देने होंगे। पैसे नहीं देने पर दोबारा मारपीट करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस के संज्ञान में आया मामला

मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। पीड़ित शनि केवट ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सबलगढ़ थाने में शिकायत आवेदन दिया है।

सबलगढ़ थाना प्रभारी पंकज मुदगल ने बताया कि वीडियो अभी-अभी उनके संज्ञान में आया है। पीड़ित युवक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। पूछताछ के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।पुलिस की जांच और पीड़ित के बयान के बाद ही मारपीट, रुपये निकालने और धमकी के आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

error: Content is protected !!