जौरी में पुराने विवाद को लेकर युवक पर फायरिंग, पैर में लगी गोली, ग्वालियर रेफर

मुरैना। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जौरी में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात पुराने विवाद को लेकर एक युवक को राजीनामा के लिए बुलाया गया। आरोप है कि बातचीत के दौरान फायरिंग कर दी गई। गोली पैर में लगने से सौरभ राठौर घायल हो गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

बताया गया है कि सौरभ राठौर का कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। बुधवार रात उसे विवाद में राजीनामा करने के लिए बुलाया गया था। इसी दौरान कहासुनी के बाद उस पर गोली चला दी गई।घायल सौरभ की ओर से दीपू राठौर, प्रवीण राठौर, सुमित राठौर, सत्येंद्र राठौर और विकास श्रीवास पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान यादव के अनुसार घायल को इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस टीम ग्वालियर पहुंचकर घायल के बयान लेगी। बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक तौर पर विवाद पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया गया है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!