मुरैना। शहर के जीवाजी गंज में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब राम जानकी मंदिर के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क से गुजर रहे एक छात्र और बुजुर्ग से जा टकराई। इसके बाद कार डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में दोनों घायल हो गए, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घायलों की पहचान अर्जुन पुत्र प्रभूदयाल जाटव (64), निवासी गांधी कॉलोनी, मुरैना और आशीष पुत्र बहादुर सोनी (17), निवासी गांधी कॉलोनी, मुरैना के रूप में हुई है।

कोचिंग जा रहा था 11वीं का छात्र
जानकारी के अनुसार, 17 वर्षीय आशीष कक्षा 11वीं का छात्र है। वह सुबह कोचिंग जाने के लिए निकला था। वहीं 64 वर्षीय अर्जुन जाटव मजदूरी करते हैं और हादसे के समय पार्क की ओर टहलने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दोनों घायल हो गए।

पहले राहगीरों को मारी टक्कर, फिर डिवाइडर से भिड़ी
बताया जा रहा है कि कार चालक जीवाजी गंज में वाहन से खतरनाक तरीके से करतब कर रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और उसने पहले छात्र व बुजुर्ग को टक्कर मारी। इसके बाद कार डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टीआई अमित भदौरिया ने दी जानकारी
कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया ने बताया कि सुबह जीवाजी गंज में तेज रफ्तार कार ने दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक बुजुर्ग और एक छात्र घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।