मुरैना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुरैना दौरे से पहले शुक्रवार सुबह पुलिस ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष मधुराज तोमर के घर पहुंचकर उन्हें डिटेन कर लिया। सुबह करीब 9:15 बजे पहुंची पुलिस ने उन्हें घर पर ही नजरबंद कर दिया। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा घेराव किए जाने की आशंका के चलते पुलिस ने यह कदम उठाया।
जनसमस्याओं को लेकर घेराव की तैयारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मुरैना दौरा तय होने के बाद जिला कांग्रेस ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर उनके घेराव की तैयारी की थी। कांग्रेस बिजली, पानी, साफ-सफाई और जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं सहित अन्य मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री के सामने विरोध दर्ज कराने की तैयारी में थी।

कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी भी नजरबंद
संभावित प्रदर्शन की सूचना के बाद पुलिस शुक्रवार सुबह कांग्रेस जिलाध्यक्ष मधुराज तोमर के आवास पर पहुंची और उन्हें घर पर ही नजरबंद कर लिया। इसके अलावा शहर कांग्रेस अध्यक्ष गजेंद्र जाटव, विक्रम मुद्गल सहित कुछ अन्य कांग्रेस पदाधिकारियों को भी नजरबंद किए जाने की जानकारी सामने आई है।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस सतर्क
मुख्यमंत्री के मुरैना प्रवास के दौरान कांग्रेस के संभावित प्रदर्शन और घेराव को देखते हुए पुलिस सतर्क है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की तैयारी के बीच पुलिस की इस कार्रवाई से जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया है।