ग्राम पंचायतों में होगा मनरेगा कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण

मुरैना। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले की समस्त जनपद पंचायतों के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण कराया जाएगा। इसके लिए कलेक्टर के निर्देश पर ग्राम पंचायतवार सामाजिक अंकेक्षण का कैलेंडर जारी किया गया है।

जारी निर्देशों के अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में होने वाली ग्राम सभा के लिए नोडल अधिकारी एवं कार्यवाही लेखन अधिकारी नामांकित किए गए हैं। सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया ग्राम सामाजिक एनीमेटर (वीएसए) के माध्यम से नियमों के अनुरूप एवं पारदर्शी तरीके से संपादित की जाएगी।

जिला पंचायत मुरैना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश कुमार भार्गव ने बताया कि सामाजिक अंकेक्षण का उद्देश्य मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों की स्थिति, कार्यों पर हुए व्यय, मजदूरी भुगतान तथा योजनाओं के वास्तविक क्रियान्वयन की जांच करना है। सामाजिक अंकेक्षण रिपोर्ट ग्राम सभा के समक्ष रखी जाएगी, जिससे योजनाओं में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

जिला समन्वयक सामाजिक अंकेक्षण, जिला पंचायत मुरैना देवेंद्र वर्मा की निगरानी एवं समन्वय में सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाएगा। संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधि सामाजिक अंकेक्षण दल को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।

निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि सामाजिक अंकेक्षण दल को सहयोग नहीं करने अथवा प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों को सामाजिक अंकेक्षण दल को आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने, निर्माण कार्यों का सत्यापन कराने तथा अन्य जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिले में मनरेगा सामाजिक अंकेक्षण की पूरी प्रक्रिया कलेक्टर के आदेश एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मुरैना के मार्गदर्शन में, जिला समन्वयक सामाजिक अंकेक्षण देवेंद्र वर्मा के समन्वय से संपादित की जाएगी।

error: Content is protected !!