रोटरी क्लब मुरैना के गौआश्रय शेड का लोकार्पण, 6,500 वर्ग फीट में ₹15 लाख की लागत से हुआ निर्माण

मुरैना। निराश्रित गौमाताओं के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में रोटरी क्लब मुरैना द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। ग्राम इमलिया स्थित सुरभि गौशाला में नवनिर्मित “रोटरी गौआश्रय शेड” का गौ-अर्पण एवं लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। करीब 6,500 वर्ग फीट क्षेत्र में 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस शेड में निराश्रित गौमाताओं को सुरक्षित एवं बेहतर आश्रय उपलब्ध कराने का उद्देश्य रखा गया है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोटेरियन सीए ब्रिजमोहन अग्रवाल, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर 3053 (2026-27) रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करह धाम, मुरैना के संत दीनबंधु दास महाराज ने की। संत श्री दीनबंधु दास महाराज ने रिबन काटकर गौआश्रय शेड का लोकार्पण किया। लोकार्पण के अवसर पर गौमाता की विधिवत आरती की गई और गौमाताओं को मालपुआ का प्रसाद खिलाया गया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों एवं रोटेरियनों ने गौसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

गौसेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम के समापन अवसर पर गौशाला परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान गौसेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। रोटरी क्लब मुरैना के अध्यक्ष रोटेरियन प्रमोद कुलश्रेष्ठ एवं सचिव रोटेरियन शिवकुमार गर्ग ने कहा कि रोटरी क्लब विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज में करुणा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। निराश्रित गौमाताओं के लिए निर्मित यह गौआश्रय शेड सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता का सार्थक उदाहरण है।

चंबल गौरक्षा सेवा समिति का सहयोग

कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन चंबल गौरक्षा सेवा समिति, ग्राम इमलिया, जनपद पंचायत मुरैना के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम के संयोजक रोटेरियन सीए प्रकाश अग्रवाल, असिस्टेंट गवर्नर 2026-27 रहे।इस अवसर पर रोटरी क्लब मुरैना एवं चंबल गौरक्षा सेवा समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और समाजसेवियों का विशेष सहयोग रहा। आयोजन के माध्यम से गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया गया।“सेवा का संकल्प… समाज का उत्थान” संदेश के साथ आयोजित यह कार्यक्रम निराश्रित गौमाताओं के संरक्षण की दिशा में रोटरी क्लब मुरैना की सेवा पहल के रूप में सामने आया।

error: Content is protected !!