मुरैना। जिले में रेत एवं पत्थर के अवैध परिवहन, उत्खनन और भंडारण के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है।
18-19 सितंबर की दरमियानी रात मुखबिर की सूचना पर सिविल लाइन पुलिस ने अंबाह बायपास एबी रोड पर चेकिंग लगाई। इसी दौरान रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ट्रैक्टर को तेज गति से चलाते हुए कौशल सरपंच का पुरा, मेवदा क्षेत्र में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली की जांच की तो उसमें चंबल नदी की अवैध रेत भरी मिली। पुलिस ने करीब 7 लाख रुपये कीमत की ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली। मामले में थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 458/26, धारा 303(2), 317(5) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। जब्त वाहन के राजसात की कार्रवाई के लिए वन विभाग को भी सूचित किया गया है।