मुरैना। माता बसैया थाना क्षेत्र के नाका गांव में करीब डेढ़ बीघा जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि फायरिंग और लाठी-डंडों से मारपीट की घटना सामने आई। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नाका गांव में करीब डेढ़ बीघा सरकारी खलियान की जमीन है। इसी जमीन पर भुजबल सिंह गुर्जर और मोती सिंह गुर्जर पक्ष अपना-अपना दावा कर रहे हैं। भुजबल सिंह का कहना है कि करीब 35 वर्षों से यह जमीन उसकी हद में रही है।

घर बनाने के लिए डलवा रहा था पत्थर
शनिवार को भुजबल सिंह गुर्जर कथित तौर पर विवादित जमीन पर घर बनाने के लिए पत्थर डलवा रहा था। इसी दौरान आरोप है कि मोती सिंह गुर्जर, लोकेन्द्र सिंह, जनक सिंह, ब्रजराज सिंह और लल्ला गुर्जर करीब दो दर्जन लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में मौके पर पहुंचे। भुजबल सिंह पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग हथियारों से लैस थे। मौके पर पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान लाइसेंसी राइफलों से फायरिंग की गई और लाठी-डंडों से मारपीट हुई।

फायरिंग और मारपीट में तीन घायल
घटना में भुजबल सिंह गुर्जर, करतार सिंह गुर्जर और तहसीलदार सिंह गुर्जर घायल हो गए। तीनों नाका गांव के रहने वाले बताए गए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर माता बसैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा जमीन से जुड़े दस्तावेजों, दोनों पक्षों के दावों और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जमीन के वास्तविक स्वामित्व और विवाद की स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।