मुरैना। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के इस्लामपुरा में पुराने विवाद ने गुरुवार शाम हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच पहले जमकर पथराव हुआ। इसके बाद शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे तीन युवकों पर घर लौटते समय रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप है। मारपीट में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे ग्वालियर रेफर किया है।

जानकारी के अनुसार इस्लामपुरा निवासी बकील कुर्रेशी का पड़ोस में रहने वाले नहनू कुर्रेशी से पुराना विवाद चला आ रहा था। गुरुवार शाम इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों तरफ से पथराव शुरू हो गया। पथराव के बाद बकील कुर्रेशी अपने साथी इरफान कुर्रेशी और नवाब कुर्रेशी के साथ शिकायत दर्ज कराने कोतवाली थाने पहुंचे। शिकायत दर्ज कराने के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे।

आरोप है कि रात करीब 10 बजे रास्ते में नहनू कुर्रेशी अपने करीब आधा दर्जन साथियों के साथ पहुंचा और तीनों को घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने बकील, इरफान और नवाब के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। तीनों का उपचार कराया गया। इनमें से एक घायल की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पथराव और मारपीट की घटना में शामिल आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।