मुरैना। कोतवाली थाना क्षेत्र में 26 मई 2026 को हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने 24 दिन बाद दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल और एक जिंदा राउंड भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को फरियादी चरन पुत्र द्वारिका गोस्वामी (25 वर्ष), निवासी घरसोला थाना रामपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह गर्ल्स स्कूल के पास नाश्ता कर रहा था। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो अज्ञात युवक आए और पिस्टल से फायर कर दिया। गोली चलाने के दौरान पिस्टल चलाने वाले के हाथ और स्कूटी चालक की पीठ में चोट लग गई, जिससे खून बहने लगा। फरियादी की शिकायत पर थाना कोतवाली मुरैना में अपराध क्रमांक 231/26 धारा 125, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर एवं नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चन्दौरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अमित भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास जांच की और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद 19 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल तिवारी (32 वर्ष), निवासी गोपालपुरा एवं राहुल सिकरवार (22 वर्ष), निवासी तिलावली थाना देवगढ़, हाल निवासी गोपालपुरा मुरैना के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर प्रकरण में धारा 25/27 आर्म्स एक्ट भी जोड़ी गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
